ट्रंप ने आलोचकों व मीडिया की निंदा की

वाशिंगटन, 18 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनेक्टीकट में अमेरिकी कोस्ट गार्ड अकेडमी में अपने भाषण के दौरान आलोचकों और अमेरिकी मीडिया की निंदा की।

सीबीएस न्यूज के मुताबिक, ट्रंप ने बुधवार को न्यू लंदन में एकेडमी में कहा, “अपनी जिंदगी में आपको महसूस होगा कि आपके साथ हमेशा अच्छा ही नहीं होता। आप पाएंगे कि आपके साथ ऐसी चीजें भी होती हैं जो आपके साथ नहीं होनी चाहिए। लेकिन, आपको धैर्य रखना चाहिए। विपरीत परिस्थितियों में केवल एक रास्ता होता है-संघर्ष, संघर्ष और संघर्ष का।”

ट्रंप ने कहा, “मेरे साथ हाल ही में जैसा व्यवहार हो रहा है, उसे ही लीजिए। खासतौर से मीडिया के द्वारा। अब तक के इतिहास में मीडिया ने किसी राजनेता के साथ इससे ज्यादा बुरा बर्ताव नहीं किया। आप उन्हें यूं ही खुद को नीचा दिखाने नहीं दे सकते और अपने आलोचकों और नकारात्मक रवैये वालों को अपने सपनों के रास्ते में आने नहीं दे सकते। मुझे लगता है कि इसलिए ही हमें जीत हासिल हुई।”

राष्ट्रपति ने कहा, “मैं वाशिंगटन के मीडिया की सेवा के लिए या किसी के खास हितों के लिए नहीं चुना गया हूं.. मैं हमारे देश के उन लोगों की सेवा के लिए चुना गया हूं जिनकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं है और मैं यही कर रहा हूं।”

सीबीएस न्यूज के मुताबिक, ट्रंप ने कहा, “विपरीत परिस्थितियां आपको मजबूत बनाती हैं। कभी हार न मानें और वह करना न छोड़ें जो आपको लगता है कि सही है।”

ट्रंप ने इस दौरान अपनी उपलब्धियां भी गिनाईं।

ट्रंप ने कहा, “हम भविष्य के लिए कई चीजों की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं और जनता यह समझती है कि मैं क्या कर रहा हूं और यही सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493