वाशिंगटन, 9 नवंबर (आईएएनएस)। डेमोक्रेट हिलेरी क्लिंटन की जीत की तमाम संभावनाओं को खारिज करते हुए रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को अमेरिका के नए राष्ट्रपति चुन लिए गए।
रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति होंगे। हिलेरी क्लिंटन ने ट्रंप को फोन कर जीत की बधाई दी और अपनी हार स्वीकार की।
ट्रंप को उन कुछ राज्यों में भी हिलेरी के मुकाबले बढ़त मिली, जहां पहले डेमोक्रेट उम्मीदवार या तो जीतते रहे थे या जहां इस बार जीतने की संभावना जताई जा रही थी। रिपब्लिकन उम्मीदवार को अमेरिका के श्वेत लोगों, कामकाजी वर्ग व ग्रामीणों का समर्थन मिला।
‘वाशिंगटन पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, रियल स्टेट कारोबारी और पूर्व रियलिटी टीवी स्टार ट्रंप पहले व्यक्ति हैं जो बिना किसी सार्वजनिक पद या अमेरिकी सेना में सेवा के बिना राष्ट्रपति बने हैं।
उनके पक्ष में पड़े वोट लोगों में सत्ता विरोधी लहर की ओर संकेत करते हैं, जो बदलाव के मूड में थे। उन राज्यों और काउंटियों में भी ट्रंप के पक्ष में वोट पड़े, जहां लोगों ने चार साल पहले मौजूदा राष्ट्रपति बराक ओबामा के लिए मतदान किया था।
माइक पेंस (57) अमेरिकी उप राष्ट्रपति होंगे। पेंस लंबे समय से प्रतिनिधि सभा के सदस्य हैं और फिलहाल इंडियाना के रिपब्लिकन गर्वनर हैं।
पेंस ने बुधवार सुबह कहा, “अमेरिकियों ने अपनी इच्छा व्यक्त की है और अपना नया चैंपियन चुन लिया है।”
उन्होंने कहा, “ट्रंप का नेतृत्व अमेरिका को एक बार फिर महान बनाएगा”
dharmpath.com dharmpath