डायनामोज के मुख्य कोच जाम्बरोता युवा खिलाड़ियों से मिले

नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली डायनामोज के मुख्य कोच गियानलुका जाम्बरोता, दिल्ली में केवल दो दिनों के लिए ही हैं और बिना कोई वक्त जाया किए अपने नए क्लब को बेहतर रूप से जानने की कोशिश कर रहे हैं।

अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने यहां गुरुवार को प्रशिक्षण शिविर में क्लब के युवा खिलाड़ियों के साथ समय व्यतीत किया।

जाम्बरोता के साथ प्रशिक्षण शिविर में क्लब को अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल और पहली टीम के खिलाड़ी अनस एदाथोडिका, सौविक चक्रवर्ती तथा संजबान घोष भी थे।

क्लब की 18 सदस्यीय टीम वर्तमान में गोथिया कप के लिए प्रशिक्षण ले रही है। इसे विश्व के सबसे बड़े यूथ टूर्नामेंटों में से एक माना जाता है।

गोथिया कप का आयोजन स्वीडन में इस माह के अंत में होगा।

जाम्बरोता ने क्लब के युवा खिलाड़ियों के साथ काफी लंबी बातचीत की और इस दौरान उन्हें खेल के कई गुण सिखाए और उनके साथ अपना अनुभव भी साझा किया।

डायनामोज के मुख्य कोच ने कहा, “मुझे बताया गया था कि हमारे क्लब में काफी अच्छे युवा खिलाड़ी हैं। यहां आने के बाद मैं सच में काफी प्रभावित हुआ हूं। मुझे हमेशा से ही मजबूत जूनियर स्तर के कार्यक्रमों में भरोसा रहा है, क्योंकि मेरा मानना है कि यह खेल के विकास और प्रचार के लिए काफी महत्वपूर्ण है।”

जाम्बरोता ने कहा कि युवा खिलाड़ियों को देख वह कह सकते हैं कि इसमें प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का एक समूह है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493