डीयू, जेएनयू में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान जारी (लीड-1)

नई दिल्ली, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय और जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनावों के लिए मतदान हो रहे हैं। ये चुनाव छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए हो रहे हैं।

दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध 51 महाविद्यालयों में बनाए गए 117 बूथों पर मतदान सुबह 8.30 बजे शुरू हुए और 12.30 बजे संपन्न हो गए।

प्रात:कालीन महाविद्यालयों में मतदान सुबह 8.30 बजे शुरू हुए, जबकि सायंकालीन महाविद्यालयों में मतदान अपराह्न् तीन बजे शुरू होंगे, जो शाम सात बजे तक चलेंगे।

इस बीच, जेएनयू में सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुए, जो शाम पांच बजे समाप्त होंगे।

डूसू चुनावों के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के अनुसार, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चार पदों के लिए 17 उम्मीदवार मैदान में हैं।

अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवार, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, सचिव तथा संयुक्त सचिव पद के लिए तीन-तीन उम्मीदवार मैदान में हैं।

मतगणना शनिवार को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की राष्ट्रीय महासचिव एंजेलीका एरिबाम ने आईएएनएस को बताया, “संघर्ष काफी कड़ा होने वाला है, लेकिन हमें विश्वास है कि हम जीत हासिल करेंगे।”

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से (आरएसएस) से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने डीयू चुनावों में पिछले साल सभी चार पदों पर जीत दर्ज की थी।

पिछले साल एबीवीपी ने आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस और अखिल भारतीय छात्र संघ (आइसा) तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) से संबद्ध छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) को मात दी थी।

इस बार, अध्यक्ष पद के लिए अमित तंवर एबीवीपी के उम्मीदवार हैं।

वहीं, नेशनल स्टूडेंड्स यूनियन ऑफ इंडिया ने एलएलबी प्रथम वर्ष के छात्र निखिल यादव को अध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि इसी पद के लिए आइसा ने कंवलजीत कौर को उम्मीदवार बनाया है।

इस साल चुनाव में सीवाईएसएस हिस्सा नहीं ले रहा है। जेएनयू में हो रहे चुनाव के परिणामों की घोषणा रविवार को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493