डूसू चुनाव में एबीवीपी की जीत (लीड-2)

नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में सभी चारों सीटों पर जीत हासिल की है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र शाखा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के उम्मीदवारों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पद जीत लिए। एबीवीपी ने पिछले साल भी सभी चारों पदों पर जीत हासिल की थी।

बौद्ध अध्ययन में एमए के छात्र, सतिंदर अवाना ने 6,327 मतों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। अवाना को 20,439 मत प्राप्त हुए। उन्होंने एनएसयूआई के प्रदीप विजयरान को हराया। प्रदीप को 14,112 वोट मिले हैं।

जीत के बाद अवाना ने आईएएनएस से कहा, “मैंने 6,300 वोटों से जीत हासिल की है और मेरी जीत का श्रेय डीयू के विद्यार्थियों को जाता है। उन्होंने हम पर विश्वास किया और हम वादे पूरे करेंगे। हम विद्यार्थियों की सुरक्षा, महिला सुरक्षा, और नए कॉलेजों के लिए लड़ेंगे।”

उपाध्यक्ष पद पर कानून के छात्र सन्नी डेढ़ा ने 7,570 वोटों से जीत हासिल की है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की छात्र शाखा, छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) की गरिमा राणा को हराया है।

डेढ़ा ने आईएएनएस से कहा, “यह आम आदमी पार्टी की छात्र शाखा, छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) की बड़ी हार है। इससे साबित हुआ है कि लड़ाई पोस्टरों से नहीं, बल्कि मुद्दों से जीती जा सकती है।”

लक्ष्मीबाई कॉलेज से अंजली राणा ने सचिव पद पर 4,610 मतों से जीत हासिल की है।

उन्होंने आईएएनएस से कहा, “लड़कियों की सुरक्षा मेरी पहली प्राथमिकता होगी। मेरी जीत के लिए विद्यार्थियों को धन्यवाद।”

एमए बौद्ध अध्ययन के छात्र, छतरपाल यादव ने संयुक्त सचिव पद पर 6,065 वोटों से जीत हासिल की है।

यादव ने आईएएनएस से कहा, “हमने सच्ची राजनीति की है। सीवाईएसएस ने झूठे वादे किए और विद्यार्थी इस बारे में जानते थे।”

इस बार चुनाव में कुल 43 फीसदी मतदान हुआ। पिछले साल 44 फीसदी मतदान हुआ था।

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के उम्मीदवार तीन पदों पर दूसरे स्थान पर रहे।

सीवाईएसएस के अध्यक्ष उम्मीदवार चौथे स्थान पर रहे और उपाध्यक्ष उम्मीदवार दूसरे स्थान पर।

सीवाईएसएस के उपाध्यक्ष अनमोल पवार ने संगठन की हार पर कहा कि यह शुरुआत थी, पार्टी ने अच्छा काम किया।

पवार ने आईएएनएस से कहा, “यह पहला मौका था और हमने अच्छा किया। परिणाम दर्शाते हैं कि हमने मेहनत की और इसे अरविंद केजरीवाल की हार के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।”

मुख्य चुनाव अधिकारी डी.एस. रावत ने कहा, “शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए डूसू चुनाव में 43.3 फीसदी मतदान हुआ। पिछले साल 44 फीसद मतदान हुआ था।”

रावत ने कहा, “इस बार चुनाव थोड़ा आक्रमक था। इस साल मतदान कुछ फीसद नीचे गिरा है, लेकिन कुल मिलाकर चुनाव शांतिपूर्ण रहा। मैं चुनाव से सभी राजनीतिक दलों के दूर रहने का अनुरोध करता हूं।”

उम्मीदवारों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन के मामलों पर रावत ने कहा, “हम नियमों के उल्लघंन संबंधी शिकायतों पर विचार कर रहे हैं। हम उचित जांच के बाद ही कार्रवाई करेंगे।”

परिणामों की घोषणा के बाद उम्मीदवारों पर फूलों की बरसात की गई। पटाखे फोड़े गए, मिठाइयां बांटी गईं और किंग्सवे कैम्प मतगणना स्थल जय जयकार से गूंज उठा।

समर्थकों ने ढोल की ताल पर नृत्य किया और दिल्ली पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच मार्च निकाला। विजयी उम्मीदवारों ने प्रसिद्ध स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा तक मार्च किया और स्पष्ट जनादेश के लिए विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया।

एबीवीपी कई महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ चुनावी मैदान में उतरी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493