नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने तंजानिया के ‘यूनियन डे’ की पूर्व संध्या पर वहां की सरकार व लोगों को बधाई देते हुए सोमवार को कहा कि वह तंजानिया के साथ संबंधों को मजबूत होते तथा सहयोग को और गहरा होते देखना पसंद करेंगे।
तंजानिया में ‘यूनियन डे’ 26 अप्रैल को मनाया जाता है।
तंजानिया के राष्ट्रपति डॉ. जॉन पोम्ब मागूफुली को भेजे अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “तंजानिया के ‘यूनियन डे’ के अवसर पर महामहिम और वहां के मैत्रीपूर्ण लोगों को भारत सरकार, यहां की जनता की ओर से बधाई तथा शुभकामनाएं देते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।”
उन्होंने कहा, “भारत और तंजानिया के बीच लंबे समय से गर्मजोशी भरे और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। हमारे लोगों के आपसी लाभ के लिए दोनों देशों के बीच बहुआयामी सहयोग लगातार बढ़ रहा है।”
राष्ट्रपति ने कहा, “मैं तंजानिया के मैत्रीपूर्ण लोगों की प्रगति और समृद्धि के लिए और आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं। आगामी वर्षो में हम तंजानिया के साथ इन संबंधों को और सुदृढ़ करना चाहते हैं।”
dharmpath.com dharmpath