ताइपे, 15 मार्च (आईएएनएस)। ताइवान की आजादी की समर्थक डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (डीपीपी) से संबद्ध राष्ट्रपति साइ इंग-वेन ने मंगलवार को पूर्व वित्तमंत्री लिन चुआन को देश के भावी प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, संवाददाता सम्मेलन में साई ने लिन के बारे में कहा, “लिन ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके पास गजब की संवाद क्षमता और समस्या को सुलझाने के गुण हैं। उनके होने से सरकार के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।”
लिन किसी राजनैतिक पार्टी से संबंध नहीं रखते, हालांकि वह डीपीपी से संबद्ध शेन शुई-बियान के राष्ट्रपति काल में साल 2002 से 2006 के बीच वित्त मंत्री रहे हैं।
वर्तमान में वह न्यू फ्रंटियर फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक हैं।
जनवरी 2016 में हुए राष्ट्रपति और विधानसभा के चुनावों में साई और डीपीपी की जीत के बाद लिन के प्रधानमंत्री बनने की संभावनाएं प्रबल हो गईं थीं।
इसके अलावा इस नियुक्ति को सरकार द्वारा देश में वैचारिक संतुलन और अर्थव्यवस्था पर जोर देने के कदम के रूप में भी देखा जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath