हैदराबाद, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव सोमवार को अपनी 10 दिवसीय चीन यात्रा पर रवाना हुए। राव वहां विश्व आर्थिक मंच की बैठक को संबोधित करेंगे और निवेश आकर्षित करने की कोशिश करेंगे।
मुख्यमंत्री राव अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों, राज्य विधानसभा के पीठासीन अधिकारियों, राजनीतिक सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष निजी विमान से राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से रवाना हुए।
तेलंगाना सरकार ने चीन यात्रा के लिए बंबार्डियर सीआरजे-100 विमान दो करोड़ रुपये में किराए पर लिया है। इस विमान में 50 लोगों के बैठने की जगह है। यह विमान अपने आलीशान आंतरिक साज-सज्जा और एलसीडी स्क्रीन एवं आरामदायक सीटों वाले मनोरंजन केंद्र के लिए जाना जाता है।
मुख्यमंत्री राव के साथ प्रतिनिधिमंडल में राज्य के उद्योगमंत्री जुपाली कृष्णा राव, ऊर्जामंत्री जगदीश रेड्डी, विधानसभा अध्यक्ष मधुसूदन चारी, विधानपरिषद के सभापति स्वामी गौड़, राज्यसभा सदस्य के. केशव राव, विधायक के. ईश्वर एवं जी. बालाराजू सहित दिल्ली में राज्य के प्रतिनिधि वेणुगोपाला चारी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव एस. सुभाष रेड्डी एवं मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योगपति शामिल हैं।
स्विट्जरलैंड स्थित विश्व आर्थिक मंच ने मुख्यमंत्री राव को चीन के डलियान में नौ से 11 सितंबर तक ‘नए विजेताओं’ के लिए आयोजित बैठक में आमंत्रित किया है।
मुख्यमंत्री राव बैठक में ‘चौराहे पर उभरते बाजार’ विषय पर व्याख्यान देंगे।
मुख्यमंत्री के एक करीबी सूत्र के मुताबिक, राव के दौरे का उद्देश्य नवगठित तेलंगाना में 50,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करना है। वह बैठक में वैश्विक मंच एवं चीनी निवेशकों के समक्ष राज्य की नई औद्योगिक नीति की तस्वीर पेश करेंगे।
मुख्यमंत्री राव अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ डलियान में विश्व आर्थिक मंच की बैठक में शामिल होने के बाद शंघाई जाएंगे। वह वहां डेवलपमेंट बैंक का दौरा करेंगे और चीनी उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री 11 सितंबर को बीजिंग पहुंचेंगे और वहां भारतीय राजदूत की ओर से उनके स्वागत में आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे। 12 सितंबर को राव चाइना रेलवे कॉरपोरेशन एवं कुछ शीर्ष कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। 13 सितंबर को वह चीन की दीवार देखने जाएंगे और इसी दिन शेंझेन में शेंझेन हाईटेक पार्क में उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री राव 15 सितंबर को हांगकांग में उद्योगपतियों के साथ मुलाकात और भोज में शामिल होंगे। वह वहां इंटरनेशनल कॉमर्स सेंटर और पर्यटन स्थल स्काई 100 ऑब्जर्वेशन डेक का दौरा करेंगे।
वह 16 सितंबर को अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ विशेष विमान से हैदराबाद लौट आएंगे।
dharmpath.com dharmpath