नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। लोकसभा में तेलंगाना राष्ट्र समिति (तेरास) के सदस्यों ने मंगलवार को तेलंगाना राज्य में अलग उच्च न्यायालय की मांग को लेकर हंगामा किया।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने मध्य प्रदेश में बस दुर्घटना में 21 यात्रियों के मारे जाने पर शोक जताया। सदन में शोक में एक मिनट का मौन रखा गया।
इसके तुरंत बाद तेलंगाना राष्ट्र समिति (तेरास) के सदस्यों ने तेलंगाना राज्य में अलग उच्च न्यायालय का मुद्दा उठाया, लेनिक अध्यक्ष ने उन्हें शांति बनाए रखने को कहा।
उन्होंने टीआरएस सदस्यों से यह मुद्दा शून्य काल में उठाने को कहा, लेकिन टीआरएस सदस्यों ने अपनी मांग जारी रखी, जिसके कारण सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
संसदीय मामलों के मंत्री एम. वैकैया नायडू ने सदन को बताया कि सरकार तेलंगाना में अलग उच्च न्यायालय बनाने के लिए तैयार है, लेकिन मामला न्यायाधीन है, क्योंकि इसे लेकर जनहित याचिकाएं दायर की गई हैं।
dharmpath.com dharmpath