तेलंगाना मुठभेड़ में बदमाश ढेर (लीड-2)

हैदराबाद, 8 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना के शादनगर शहर में सोमवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में नक्सली रह चुका नईम नामक बदमाश मारा गया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

पुलिस ने कहा कि एक पुलिस अधिकारी और कई पूर्व नक्सली नेताओं की हत्या का आरोपी नईम एक चार पहिया वाहन में था जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।

तेलंगाना पुलिस के अधिकारी ने कहा कि गाड़ी का चालक भागने में सफल रहा, जबकि नईम ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।

हैदराबाद से 50 किलोमीटर दूर महबूबनगर जिले में एक घर के निकट मुठभेड़ हुई।

पहले की रपटों के अनुसार, नईम एक घर में छिपा हुआ था और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घर को घेर लिया और मुठभेड़ के दौरान गोलीबारी में वह मारा गया।

महबूबनगर जिले की पुलिस अधीक्षक रेमा राजेश्वरी ने संवाददाताओं से कहा कि एक एके-47 राइफल मिली थी और एक पिस्तौल नईम की गाड़ी से बरामद हुई थी।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि निजामाबाद जिले में नईम के खिलाफ जबरन वसूली का एक मामला दर्ज किया गया था। उसने एक करोड़ रुपये की मांग की थी।

उन्होंने कहा, “एक सफेद एंडेवर में नईम की गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने के बाद एक जांच टीम और स्थनीय पुलिस यहां पहुंची।”

पुलिस अधीक्षक ने कहा, “घर में तलाशी अभियान अब भी जारी है और बाद में हम विस्तृत विवरण के साथ उपस्थित होंगे।”

मोहम्मद नइमुद्दीन उर्फ नईम तेलंगाना के नलगोंडा जिले के भोंगीर शहर का रहने वाला था और साल 1993 में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी के.एल. व्यास की हत्या समेत कई बड़े अपराधिक मामलों में आरोपी था। वह कथित रूप से हत्या के 20 मामलों समेत 130 आपराधिक मामलों में संलिप्त था।

सूत्रों के अनुसार, नक्सली संगठन पीपुल्स वार ग्रुप (पीडब्ल्यूजी) से बाहर निकलने के बाद नईम अपराधी बन गया। वह कथित तौर पर पुलिस का मुखबिर भी बन गया और कई बड़े नक्सलियों और उनके हमदर्दो की हत्या कर दी।

नईम नागरिक अधिकार कार्यकर्ता पुरुषोत्तम और निरंजन, लोक गीत गायिका बेली ललिता, समर्पण कर चुके नक्सली समबासीवुदु और रामुलू, अपराधी पट्टोला गोवर्धन रेड्डी और अन्य के हत्या मामले में आरोपी था।

उसने कथित तौर पर सोहराबुद्दीन शेख और उसकी पत्नी को पकड़ने में भी पुलिस की मदद की थी, जिन्हें बाद में गुजरात पुलिस ने साल 2005 में कथित मुठभेड़ में मार गिराया था।

नईम पुलिस हिरासत से 11 बार भाग चुका था।

सूत्रों ने कहा कि वह कथित रूप से सत्ताधारी तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के विधायकों और नेताओं को धमकी दे रहा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493