हैदराबाद, 14 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना के सिद्दिपेट जिले में बुधवार को एक पुलिस सब इंस्पेक्टर ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कुकूनूरपल्ली पुलिस थाने में पदस्थापित प्रभाकर रेड्डी ने कोंडापाका ब्लॉक में पुलिस थाने के मंदिर में खुद को गोली मार ली।
उनके परिजनों ने आरोप लगाया है कि वरिष्ठ अधिकारियों के उत्पीड़न के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
यादाद्री भोंगीर जिले के निवासी प्रभाकर का साल 2012 में पुलिस सब इंस्पेक्टर के रूप में चयन हुआ था। वह कुकूनूरपल्ली पुलिस थाने में पदस्थापित थे।
इस थाने में 10 महीने के भीतर खुदकुशी करने वाले प्रभाकर दूसरे सब इंस्पेक्टर हैं।
टी.रामकृष्णा रेड्डी ने 16 अगस्त, 2016 को थाने में खुद को गोली मारकर अपनी जान दे दी थी। उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर परेशान करने आरोप लगाया था।
पुलिस थाने में प्रभाकर रेड्डी ने रामकृष्ण रेड्डी की ही जगह ली थी। दोनों के जीवन का अंत एक जैसा हुआ।
dharmpath.com dharmpath