तेलंगाना : राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस का हंगामा

हैदराबाद, 12 मार्च (आईएएनएस)। तेलंगाना में सोमवार को विधानसभा और विधानपरिषद के संयुक्त सत्र के दौरान कांग्रेस के विधायकों ने राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन के अभिभाषण की प्रतियों को फाड़ डाला।

राज्यपाल ने जैसे ही सुबह 10 बजे अपना अभिभाषण शुरू किया, कांग्रेस के सदस्यों ने ‘किसानों की आत्महत्या के प्रति सरकार के खराब रवैये और कृषि क्षेत्र में उत्पन्न संकट के विरोध में’ प्रदर्शन किया। कई विधायकों ने इस दौरान तख्तियां भी दिखाईं।

वरिष्ठ सदस्य कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी को प्रदर्शन के दौरान अपना हेडफोन राज्यपाल की ओर फेंकते देखा गया। यह हेडफोन विधान परिषद के अध्यक्ष स्वामी गौड़ की आंख में जा लगा और सदन के स्थगित होने के तुरंत बाद उन्हें सरोजनी देवी आई हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सदस्यों ने कांग्रेस सदस्यों के ‘असभ्य व्यवहार’ को गंभीरता से लिया और वेंकट रेड्डी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

विधान परिषद में कांग्रेस के नेता मोहम्मद शब्बीर अली ने वेंकट रेड्डी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सदन में तैनात मार्शलों की संख्या विधायकों से ज्यादा थी।

इस बीच, राज्यपाल ने कांग्रेस विधायकों के प्रदर्शन के बावजूद अपना अभिभाषण जारी रखा।

उन्होंने अपने अभिभाषण में सरकार द्वारा राज्य के विकास और लोगों के कल्याण के लिए सिंचाई परियोजना, शिक्षा सुधार और अन्य कदमों के बारे में बताया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493