तेलंगाना : 1.30 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश (लीड-1)

हैदराबाद, 14 मार्च (आईएएनएस)। तेलंगाना के वित्तमंत्री एटला राजेंद्र ने सोमवार को विधानसभा में राज्य का कर मुक्त और राजस्व आधिक्य वाला बजट पेश किया। उन्होंने वित्तवर्ष 2016-17 के लिए 1,30,415 करोड़ रुपये के खर्च का प्रस्ताव रखा, जो साल-दर-साल आधार पर करीब 13 फीसदी अधिक है।

इस बजट में 67,630 करोड़ रुपये के योजना व्यय और 62,785 करोड़ रुपये के गैर-योजना व्यय का प्रस्ताव रखा गया है।

बजट में कहा गया है कि 201-17 में राज्य सरकार की अपनी आय 72,412 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो एक साल पहले 54,256 करोड़ रुपये थी। इसी तरह केंद्र द्वारा हस्तांतरित आय 28,512 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो एक साल पहले 25,223 करोड़ रुपये थी।

वित्तमंत्री ने 3,718 करोड़ रुपये के अनुमानित राजस्व अधिशेष के साथ बजट पेश किया और बजट में 3.5 फीसदी या 23,467 करोड़ रुपये वित्तीय घाटा का अनुमान जताया।

सिंचाई क्षेत्र के लिए बजट में 25,000 रुपये आवंटित किए गए हैं।

वित्तमंत्री ने बजट को ‘बंगारू (स्वर्ण) तेलंगाना’ के सपने को पूरा करने की दिशा में एक कदम करार दिया।

वित्तमंत्री ने अविभाजित आंध्र प्रदेश की सरकारों पर तेलंगाना की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस क्षेत्र को किसी भी बजट में इसके विकास के लिए 10,000 करोड़ रुपये भी आवंटित नहीं किए गए।

मंत्री ने बजट भाषण पढ़ते हुए कहा, “दो जून 2014 तक तेलंगाना पिंजड़े में बंद एक शेर था। अब हर प्रकार की बेड़ियों से आजाद होने के बाद तेलंगाना देश में सबसे अधिक तेजी से विकास करने वाला राज्य बन गया है।”

राज्य की विकास दर 2015-16 में 11.7 फीसदी रहने का अनुमान है, जो राष्ट्रीय औसत विकास दर 8.6 फीसदी से अधिक है।

राज्य की प्रति व्यक्ति आय 2014-15 में 12.7 फीसदी बढ़कर 1,29,182 रुपये दर्ज की गई, जो 2015-16 में 10.7 फीसदी और बढ़कर 1,43,023 रुपये हो गई, जबकि राष्ट्रीय औसत 93,231 रुपये है।

मंत्री ने कहा कि राज्य के निर्माण के बाद से 680 मेगावाट बिजली पैदा हुई है और भविष्य में राज्य में कभी बिजली नहीं कटेगी। राज्य सरकार ने अगले तीन साल में 23,912 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493