लंदन, 26 मई (आईएएनएस)। आपूर्ति बाधित होने और वैश्विक मांग बढ़ने के कारण 2016 में पहली बार कच्चे तेल की अंतर्राष्ट्रीय कीमत गुरुवार को 50 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर चली गई।
बीबीसी के मुताबिक एशियाई व्यापार में ब्रेंट क्रूड का मूल्य प्रति बैरल 50.07 डॉलर पर पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका में बुधवार को जार आंकड़े के मुताबिक तेल भंडार में कमी आई है और इसका मुख्य कारण कनाडा की जंगल में लगी भीषण आग के कारण आपूर्ति प्रभावित होना है।
ऊर्जा विभाग के आंकड़े के मुताबिक 20 मई को समाप्त हुए सप्ताह में तेल भंडार 42 लाख बैरल घटकर 53.71 करोड़ बैरल रह गया।
कनाडा अमेरिका का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है और पश्चिम प्रांत में लगी भीषण आग के कारण आपूर्ति रोजाना करीब 10 लाख बैरल घट गई है।
ब्रेंट क्रूड इस साल के शुरू में दर्ज की गई गत 13 साल के निचले स्तर से 80 फीसदी तक महंगा हो चुका है।
इसके साथ ही हाल के महीनों में रूस और ओपेक के बीच तेल उत्पादन स्थिर करने पर हुई वार्ता के कारण भी तेल मूल्य बढ़ा है।
इसके साथ ही चीन, भारत और रूस जैसी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में मांग बढ़ने से भी तेल मूल्य बढ़ने में मदद मिली है।
dharmpath.com dharmpath