तोमर का फर्जी प्रमाणपत्र के आरोपों से इंकार

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर ने अपने कानून के अंतरिम प्रमाणपत्र के फर्जी होने के आरोपों का खंडन करते हुए मंगलवार को कहा कि वह जल्द ही सारे रिकॉर्ड सामने लाएंगे और सब कुछ स्पष्ट कर देंगे।

तोमर ने दिल्ली सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, “मेरे ऊपर लगाए गए सारे आरोप निराधार हैं। अगर मैंने कुछ गलत किया होता, तो नियमित तौर पर कार्यालय नहीं आता। बहुत जल्द मैं विश्वविद्यालय से सारे रिकॉर्ड सामने लाऊंगा और सबकुछ स्पष्ट कर दूंगा।”

तोमर के पास पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा गृह विभाग है।

इससे पहले मंगलवार सुबह कांग्रेस नेता अजय माकन ने ट्विटर पर लिखा, “आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली के कानून मंत्री की कानून की डिग्री फर्जी पाई गई है। उन्हें तुरंत बर्खास्त कर खाली हुई सीट पर नए सिरे से चुनाव कराया जाना चाहिए!”

बिहार के एक विश्वविद्यालय ने सोमवार को दिल्ली उच्च न्यायालय से कहा कि तोमर का प्रमाण पत्र असली नहीं है और यह विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में नहीं है। इसके बाद माकन ने यह टिप्पणी की है।

बिहार के तिलका मांझी विश्वविद्यालय के मुताबिक, प्रमाण पत्र पर जो क्रम संख्या दर्ज है, वह तोमर नहीं, बल्कि किसी और छात्र के नाम से है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493