नई दिल्ली, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने त्रिनिदाद और टोबैगो गणराज्य के गणतंत्र दिवस (24 सितंबर) की पूर्व संध्या पर वहां की सरकार और जनता को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
त्रिनिदाद एवं टोबैगो गणराज्य के राष्ट्रपति एंथेनी कारमोना को भेजे अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “भारत सरकार, भारत की जनता और अपनी तरफ से मुझे आपको और त्रिनिदाद एवं टोबैगो गणराज्य की मित्रवत जनता को आपके गणतंत्र दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है।”
उन्होंने कहा, “भारत तथा त्रिनिदाद एवं टोबैगो गणराज्य के बीच परंपरागत रूप से प्रगाढ़ और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। इतिहास और संस्कृति हम दोनों देशों के घनिष्ठ संबंधों के साक्षी रहे हैं। मुझे यकीन है कि आपके कुशल नेतृत्व में हम दोनों देशों की जनता के परस्पर लाभ के लिए अपने द्विपक्षीय संबंधों को और ज्यादा मजबूत और समृद्ध बनाएंगे।”
राष्ट्रपति ने कहा, “मैं इस अवसर पर आपके कल्याण के साथ ही साथ त्रिनिदाद एवं टोबैगो गणराज्य की मित्रवत जनता की प्रगति और खुशहाली की कामना करता हूं।”
dharmpath.com dharmpath