अगरतला, 31 जुलाई (आईएएनएस)। कानून सचिव दातामोहन जमातिया को उनके पद से हटाने को लेकर त्रिपुरा उच्च न्यायालय और सरकार के बीच गतिरोध बना हुआ है। कानून मंत्री ने इस बाबत मुख्य न्यायाधीश दीपक गुप्ता को पत्र लिखा है।
राज्य सरकार ने जमातिया को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त करने में असमर्थता व्यक्त की है। सर्वोच्च न्यायालय में जमातिया के खिलाफ न्यायालय की अवमानना का मामला लंबित है।
उच्च न्यायालय ने जमातिया का तबादला करने और उनाकोटि जिले में उनकी बतौर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में तैनाती करने के लिए 14 जुलाई को अधिसूचना जारी की थी।
न्यायालय ने उनसे तीन अगस्त को नया कामकाज देखने और मुख्य सचिव यशपाल सिंह से नए कानून सचिव का चुनाव करने को कहा था।
कानून मंत्री तपन चक्रबर्ती ने पिछले सप्ताह मुख्य न्यायाधीश गुप्ता को लिखे पत्र में जमातिया को कानून सचिव के पद से मुक्त करने में राज्य सरकार की असमर्थता जताई थी।
चक्रबर्ती ने उच्च न्यायालय द्वारा 23 जुलाई को कानून मंत्री की याचिका ठुकरा कर अपने निर्णय पर बने रहने के फैसले के बाद यह पत्र लिखा।
उन्होंने कहा, “मैंने कल (गुरुवार) जमातिया को उनके पद पर कम से कम अतिरिक्त छह महीनों के लिए बनाए रखने के लिए मुख्य न्यायाधीश को एक और पत्र लिखा है।”
dharmpath.com dharmpath