त्रिपुरा का दुष्कर्म आरोपी अधिकारी असम में गिरफ्तार

अगरतला, 12 जुलाई (आईएएनएस)। दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद से एक पखवाड़े से लापता और फरार त्रिपुरा सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी को मंगलवार को पड़ोसी राज्य असम के करीमगंज से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पश्चिमी त्रिपुरा जिले के पुलिस प्रमुख अभिजीत सप्तर्षि ने संवाददाताओं से कहा, “त्रिपुरा पुलिस की एक टीम एक सूचना के आधार पर करीमगंज शहर गई और वहां एक घर से पन्ना अहमद (44) को गिरफ्तार कर लिया। उसे पुलिस हिरासत में लेने के लिए यहां लाकर अदालत में पेश किया जाएगा।”

त्रिपुरा सरकार ने सिपाहीजला जिले के सोनमुरा उपखंड के अनुमंडल अधिकारी अहमद को निलंबित कर दिया है।

सप्तर्षि ने कहा, “राज्य सरकार ने हाल ही में अधिकारी की खोजबीन के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का आग्रह किया था।”

विपक्षी कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तृणमूल कांग्रेस 27 जून से लगभग हर रोज त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार के आधिकारिक आवास और राज्य में अन्य स्थानों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

एक मुस्लिम महिला ने यहां पश्चिमी अगरतला के पुलिस थाने में 27 जून को एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि राज्य के सिविल सेवा अधिकारी अहमद ने उसे यहां अपने निजी आवास पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

त्रिपुरा सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “जिलाधिकारी और पुलिस से रपट मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने अहमद के निलंबन का आदेश दे दिया था।”

पश्विमी त्रिपुरा के जिलाधिकारी और पुलिस इस मामले की अलग-अलग जांच कर रहे हैं।

सत्तारूढ़ मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव बिजन धर ने मीडिया से कहा कि दोषी पाए जाने पर अधिकारी को सजा दी जानी चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493