त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, राजस्थान के नए मुख्य न्यायाधीश नियुक्त (लीड-1)

नई दिल्ली/अगरतला, 11 मई (आईएएनएस)। गुवाहाटी उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तिनलियानथांग वेफेई त्रिपुरा उच्च न्यायालय के नए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश होंगे।

एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि वेफेई मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक कुमार गुप्ता की जगह लेंगे, जिन्हें छत्तीसगढ़ स्थानांतरित कर वहां के उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर दिया गया है।

केंद्रीय कानून मंत्रालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति नवीन सिन्हा को राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है।

त्रिपुरा के कानून विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि न्यायमूर्ति वेफेई (60) 16 मई को त्रिपुरा उच्च न्यायालय में अपना कार्यभार संभालेंगे।

त्रिपुरा, मणिपुर, और मेघालय में 2013 में अलग-अलग उच्च न्यायालयों की स्थापना की गई थी। इससे पहले ये सभी राज्य गुवाहाटी उच्च न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में थे।

कानून मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “मिजोरम, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश में भी आवश्यक बुनियादी ढांचे के निर्माण के बाद अलग-अलग उच्च न्यायालयों के गठन की संभावना है।”

बयान में कहा गया है कि दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति वेद प्रकाश वैश को मेघालय स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सतीश कुमार अग्निहोत्री को सिक्किम स्थानांतरित किया गया है।

राष्ट्रपति ने सभी मुख्य न्यायाधीशों और न्यायाधीशों को 23 मई को या उससे पहले अपने पदभार संभालने का निर्देश दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493