अगरतला, 6 जून (आईएएनएस)। निर्वाचन आयोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष बिप्लब कुमार देब के खिलाफ वाम दलों की एक शिकायत की जांच कर रहा है। इस शिकायत में देब पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अगले साल विधानसभा चुनाव में ईवीएम को अपनी पार्टी के पक्ष में हेरफेर करने की बात कही थी।
त्रिपुरा निर्वाचन विभाग के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, “निर्वाचन आयोग ने ईवीएम पर भाजपा नेता की टिप्पणी के खिलाफ वाम मोर्चा की शिकायत पर एक रपट मांगी है। जिला मजिस्ट्रेट से रपट प्राप्त होने के बाद हमें आयोग को एक रपट भेजनी है।”
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग इस मामले में उचित कदम उठाएगा।
माकपा की अगुवाई वाले वाम मोर्चा ने मीडिया रपटों का जिक्र करते हुए अप्रैल में निर्वाचन आयोग से आपत्ति दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया कि देब ने अप्रैल में पश्चिम त्रिपुरा में एक सार्वजनिक सभा में कहा था कि उत्तर प्रदेश और मणिपुर विधानसभा चुनावों के नतीजे त्रिपुरा में भी दोहराए जाएंगे और यहां तक कि मुख्यमंत्री माणिक सरकार यदि माकपा को वोट देते हैं तो वह भाजपा के पक्ष में दर्ज होगा।
वाम मोर्चा के संयोजक खगेन दास ने मीडिया से यहां कहा कि देब ने सरकार को चुनौती दी थी कि ‘यदि हिम्मत है तो’ उनके खिलाफ मामला दर्ज कराएं।
वाम मोर्चा ने देब के खिलाफ त्वरित उचित कार्रवाई करने और अगले साल त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में ईवीएम को अभेद्य बनाने की मांग की है।
वाम मोर्चा ने अपने पत्र के साथ देब के सार्वजनिक सभा की सीडी, वीडियो और अखबार की कटिंग निर्वाचन आयोग के पास जमा की है।
देब ने आरोपों से इनकार किया है और कहा कि उन्होंने कहा था कि ईवीएम से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती।
देब ने कहा, “सार्वजनिक सभा में मैंने कहा कि वाम दलों सहित कुछ राजनीतिक पार्टियां पुराने समय की मतदान प्रणाली की तरफ लौटने की कोशिश कर रही हैं। ईवीएम छेड़छाड़ रहित है और इनमें हेरफेर नहीं की जा सकती है।”
उन्होंने कहा कि वह यह कहने का प्रयास कर रहे थे कि सभी वोट उनकी पार्टी के पक्ष में पड़ेंगे, क्योंकि ज्यादातर लोग अब भाजपा के पक्ष में हैं।
देब ने कहा, “यहां तक कि माणिक सरकार का दिमाग बदल सकता है और वह अपना वोट भाजपा के पक्ष में दे सकते हैं।”
माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने भी इस मामले पर इसी तरह की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है और भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
dharmpath.com dharmpath