अगरतला, 10 मई (आईएएनएस)। त्रिपुरा में अवैध रूप से घुसने के आरोप में म्यांमार के 24 और नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें छह महिलाएं व 12 बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
विदेशियों के साथ कश्मीर के एक नागरिक सहित दो भारतीयों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा ने कहा, “एक खुफिया सूचना के आधार पर शनिवार को पश्चिमी त्रिपुरा में मेलेघर स्थित एक घर से म्यांमार के 24 नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।
इस दौरान घर के मालिक कुर्बान अली तथा एक कश्मीरी युवक को भी गिरफ्तार किया गया।
इस गिरफ्तारी के साथ ही राज्य में अब तक म्यांमार के कुल 125 नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकांश लोग भारत में काम की तलाश में घुसे थे।”
अधिकारी ने कहा, “उन्होंने पुलिस से कहा कि यूएनएचसीआर (संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी) ने उन्हें शरणार्थी के रूप में मान्यता दी है।”
गिरफ्तार किए गए म्यांमार के नागरिकों को सोमवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा, जहां यह तय होगा कि उन्हें वापस म्यांमार भेजा जाना चाहिए या जेल।
उल्लेखनीय है कि म्यांमार के 50 हजार से ज्यादा नागरिक वर्क परमिट लेकर पड़ोस में स्थित मिजोरम में दुकानों और फैक्ट्रियों में काम कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath