त्रिवेंद्र रावत 9 मंत्रियों के साथ लेंगे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ (लीड-1)

देहरादून, 18 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता त्रिवेंद्र सिंह रावत शनिवार अपराह्न् उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ नौ अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे।

शपथ-ग्रहण समारोह परेड ग्राउंड में अपराह्न् तीन बजे होने वाला है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह के साथ-साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के अन्य मंत्रियों व नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।

रावत राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रावत के साथ सात कैबिनेट मंत्री और दो राज्य मंत्री शपथ ले सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट मंत्री के रूप में सतपाल महाराज, मंडन कौशिक, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत, प्रकाश पंत, अरविंद पांडे और सुबोध उनियाल तथा राज्य मंत्री के रूप में धन सिंह रावत व रेखा एरिया का नाम शामिल है।

इस साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को मात देते हुए राज्य विधानसभा की 70 में से 57 सीटों पर अपना कब्जा जमाया।

मोदी से जुड़े रहे रावत उत्तराखंड में भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान कृषि मंत्री थे। दोईवाला से निर्वाचित रावत ने कांग्रेस प्रत्याशी हीरा सिंह बिष्ट को 24,000 वोटों से मात दी थी। वह आरएसएस में प्रचारक के रूप में भी जाने जाते हैं।

रावत राज्य में भाजपा के पांचवें मुख्यमंत्री हैं। पार्टी ने उत्तराखंड में अपनी पहली सरकार साल 2000 में बनाई थी, जब उत्तर प्रदेश से अलग होकर यह राज्य बना था। नित्यानंद स्वामी राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493