नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि भारत, थाईलैंड के साथ अपने संबंधों को काफी अहमियत देता है। उन्होंने दोनों देशों के बीच राजनीतिक, सुरक्षा और व्यापार के क्षेत्र में और मजबूत संबंधों की इच्छा जताई।
राष्ट्रपति भवन की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान से यह जानकारी मिली।
राष्ट्रपति ने अपने ये विचार सोमवार को थाईलैंड की राजकुमारी महा चक्री सिरिनधोर्न के साथ एक बैठक में साझा किए।
राजकुमारी का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत उनको देश के एक विशेष मित्र के रूप में देखता है।
बैठक के दौरान राष्ट्रपति मुखर्जी ने राजा भूमिबोल अदुल्यराज के दुखद निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि लोगों के कल्याण के लिए करुणा, दूरदर्शिता और प्रतिबद्धता के लिए वह याद किए जाएंगे।
राष्ट्रपति ने विश्व संस्कृत पुरस्कार पाने के लिए सिरिधोर्न को बधाई भी दी और कहा, “संस्कृत भाषा को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों और हमारी संस्कृति, कला और साहित्य में उनकी गहरी दिलचस्पी के लिए भारत राजकुमारी प्रशंसा करता है।”
सिरिधोर्न ने गर्मजोशी के साथ राष्ट्रपति के शब्दों का जवाब दिया। उन्होंने यह भी कहा कि दिवंगत राजा के दिल में भारत के लिए एक विशेष स्थान था।
dharmpath.com dharmpath