कुआलालंपुर, 26 जनवरी (आईएएनएस)। मलेशिया के परिवहन मंत्री लियो तियोंग लाई ने मंगलवार को कहा कि थाईलैंड में मिला मलबा लापता मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान संख्या एमएच370 वाले विमान का नहीं है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इस सप्ताह थाईलैंड में एक धातु की वस्तु मिली थी और अटकलें लगाई जा रही थीं कि यह लापता मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान संख्या एमएच370 वाले विमान का हो सकता है।
तियोंग ने कहा कि नागरिक उड्डयन विभाग, परिवहन मंत्रालय और मलेशिया एयरलाइन्स के अधिकारियों के एक दल ने बरामद मलबे की जांच की।
मंत्री ने एक बयान में कहा, “टीम की जांच रपट के मुताबिक, मलबे में मिले टुकड़े के नंबर, तार के बंडल नंबर और बोल्ट के टुकड़ों के नंबर किसी बोइंग 777 से मेल नहीं खाते हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि मलेशिया लापता विमान की खोज के प्रयास पर अपनी प्रतिबद्धिता पर कायम रहेगा।
कुआलालंपुर से बीजिंग जा रहे उड़ान संख्या एमएच 370 वाला विमान आठ मार्च, 2014 को बीच रास्ते लापता हो गया था। इस विमान में 239 यात्री सवार थे।
dharmpath.com dharmpath