दक्षिण एशियाई खेल : भारतीय अधिकारी ने बांग्लादेशी अधिकारी को दी धमकी

शिलांग, 9 फरवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश फुटबाल महासंघ (बीएफएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यहां जारी दक्षिण एशियाई खेलों के दौरान एक भारतीय अधिकारी पर धमकी देने का आरोप लगाया है।

बांग्लादेश के अधिकारी अहसान अहमद ने कहा है कि बांग्लादेश की महिला फुटबाल टीम और मालदीव के बीच हुए मैच के दौरान उन्हें भारतीय अधिकारी ने धमकाया।

बीएफएफ के मीडिया प्रमुख अहसान ने यहां मैच के बाद पत्रकारों से कहा कि वह गोलपोस्ट के आखिरी छोर की ओर जा रहे थे, जहां बांग्लादेश की अतिरिक्त खिलाड़ी अभ्यास कर रही थीं उसी समय भारतीय अधिकारी ने उन्हें धमकी दी।

अहसान ने दक्षिण एशियाई खेलों में हिस्सा लेने आई बांग्लादेशी दल के अध्यक्ष अशिकुर रहमान मिकू से इसकी शिकायत भी दर्ज कराई है, जिसके अनुसार, “भारतीय अधिकारी ने मुझे अपशब्द कहे और स्टेडियम से बाहर फिंकवा देने की धमकी दी। मैं एशियन फुटबाल परिसंघ (एएफसी) में मैच कमिश्नर भी हूं। मुझे खेल के नियम पता हैं कि मैच के दौरान कौन मैदान पर रह सकता है।”

अहसान ने कहा कि नियमों के मुताबिक जब खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हों उस समय कोई एक अधिकारी मैदान पर उपस्थित रह सकता है।

अहसान ने बताया कि भारतीय अधिकारी ने दक्षिण एशियाई खेलों की बैज पहन रखी थी, जिसमें उसका नाम ‘निकोलस’ लिखा हुआ था।

उन्होंने आगे बताया कि जब उनकी (अहसान) की जगह बांग्लादेश की एक महिला अधिकारी मैदान की ओर जाने लगी तब भारतीय अधिकारी ने उस महिला अधिकारी को भी अपशब्द कहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493