चेन्नई, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय फिल्मों के मशहूर निर्देशक पुरी जगन्नाथ का कहना है कि उन्होंने अभिनेता ‘चिरंजीवी’ के साथ काम करने की कसम खाई है।
मेगा स्टार चिरंजीवी की 151वीं फिल्म ‘पोकिरी’ का निर्देशन पहले पुरी जगन्नाथ करने वाले थे। लेकिन वह इस मौके से चूक गए, जिसके बाद यह फिल्म निर्देशक वीवी विनायक की झोली में आ गिरी।
पुरी ने एक इंटरव्यू के दौरान आईएएनएस को बताया, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ वजहों से मैंने यह मौका खो दिया, लेकिन मैं भविष्य में चिरंजीवी सर के साथ जरूर काम करूंगा।”
पुरी ने चिरंजीवी के लिए जो कहानी लिखी थी उसका दूसरा भाग चिंरजीवी को पसंद नहीं आया था।
पुरी ने बताया, “अगर वह मुझे अधिक समय देते तो मैं कहानी पर दोबारा काम कर सकता था। लेकिन उन्होंने सीधे लोगों (मीडिया) को बताया कि उन्हें कहानी पसंद नहीं आई। मुझे काफी बुरा लगा कि उन्होंने इस विषय पर सीधे मुझसे बात नहीं की। मैंने हालांकि सब कुछ पीछे छोड़ दिया है और अब हमारे बीच अच्छी दोस्ती है।”
पुरी की आने वाली फिल्म वरुण तेज अभिनीत ‘लोफर’ है जिसे लेकर वह पूरी तरह आश्वस्त हैं।
वरुण की तारीफ करते हुए पुरी ने कहा, “मुझे वरुण ने अपने अभिनय से चौंका दिया था। वह एक भावात्मक दृश्य में बेहद शानदार रहे हैं।”
उन्होंने कहानी के बारे में बताया, “यह मां और बेटे की भावात्मक कहानी है, जिसमें मां का किरदार दिग्गज अभिनेत्री रेवती ने निभाया है। पति की तरह अवारा बन जाने के भय से वह अपने बेटे को अपने पति से दूर ले जाती हैं।”
dharmpath.com dharmpath