सियोल, 6 जून (आईएएनएस)। परमाणु क्षमता से लैस एक अमेरिकी पनडुब्बी मंगलवार को दक्षिण कोरिया के बुसान पहुंची, जिसे कोरियाई प्रायद्वीप में पसरे तनाव के बीच अमेरिकी सैन्य क्षमता का एक और प्रदर्शन माना जा रहा है।
समाचार एजेंसी योनहप से दक्षिण कोरिया के एक सैन्य अधिकारी ने हालांकि कहा कि पनडुब्बी ईंधन भरने तथा चालक दल के सदस्यों के आराम करने के लिए बुसान पहुंची है।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, अधिकारी ने यह भी कहा कि पनडुब्बी की योजना दक्षिण कोरिया के साथ किसी संयुक्त सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेने की नहीं है।
हवाई के पर्ल हॉर्बर से बुसान पहुंची पनडुब्बी चेयेने 6,900 टन वजनी तथा 110 मीटर लंबी है।
पिछले सप्ताह अमेरिका का परमाणु क्षमता संपन्न विमानवाहक पोत कार्ल विन्सन तथा रोनाल्ड रीगन ने उत्तर कोरिया के निकट समुद्र में सैन्य अभ्यास किया था, जिसे परमाणु व मिसाइल क्षमता को बढ़ाने में लगे प्योंगयांग को चेतावनी देने के तौर पर देखा गया था।
उत्तर कोरिया द्वारा बार-बार परमाणु व मिसाइल परीक्षण करने के कारण वाशिंगटन ने उसके खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है, साथ ही उसने यह भी संकेत दिया है कि अगर उसने इन परीक्षणों को बंद नहीं किया, तो वह उसपर हमले से पीछे नहीं हटेगा।
साल 2003 में इराकी फ्रीडम सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में हिस्सा ले चुकी यूएसएस चेयेने हार्पून एंटी-शिप मिसाइल तथा टॉमहॉक क्रूज मिसाइल से लैस है, जिसकी मारक क्षमता 3,100 किलोमीटर है।
dharmpath.com dharmpath