नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण सूडान में हाल के दिनों में प्रतिद्वंद्वी सैन्य गुटों के बीच झड़प में 300 लोगों की मौत के बाद भारत अपने नागरिकों को वहां से सुरक्षित बाहर निकालने पर विचार कर रहा है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया, “दक्षिण सूडान के घटनाक्रम पर मेरी निगाह है।”
उन्होंने कहा, “हम भारतीय नागरिकों को वहां से बाहर निकालने पर विचार कर रहे हैं।”
हालिया हिंसा गुरुवार को देश की राजधानी जुबा में राष्ट्रपति साल्वा कीर मायार्डिट के निवास स्थान के बाहर स्थानीय मुठभेड़ के बाद भड़क उठी। उस वक्त राष्ट्रपति पूर्व विद्रोही नेता व वर्तमान फर्स्ट वाइस प्रेसिडेंट रीक माचर के साथ बैठक कर रहे थे।
कीर व माचर दोनों ने सभी गुटों से शांति की अपील की है।
सुषमा स्वराज ने भारतीय नागरिकों से नहीं घबराने और भारतीय दूतावास में खुद को पंजीकृत कराने के लिए कहा है।
उन्होंने कहा, “भारतीय नागरिकों को दक्षिण सूडान की यात्रा नहीं करने की सलाह दी जाती है।”
dharmpath.com dharmpath