दयाशंकर की पत्नी व बेटी को अपशब्द कह रहे हैं बसपा कार्यकर्ता : भाजपा

लखनऊ, 22 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई ने शुक्रवार को कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ता महिलाओं के लिए खुद उसी अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल उनकी नेता मयावती के खिलाफ किया गया और जिसका वे विरोध कर रहे हैं।

भाजपा ने कहा कि प्रदेश भाजपा के निष्कासित उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह के खिलाफ गुरुवार को बसपा के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन में जो पोस्टर, बैनर इस्तेमाल किए गए और नारे लगाए गए उनमें उनकी (दयाशंकर सिंह) पत्नी और बेटी के खिलाफ अभद्र और अपमाजनक भाषा थी।

बसपा प्रदर्शनकारियों की भाषा इतनी आपत्तिजनक थी कि दयाशंकर सिंह की पुत्री को मजबूर होकर बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दिकी से विरोध जताने के लिए यह कह कर अपनी प्रतिक्रिया देनी पड़ी कि ‘मुझे बताएं कि कहां मुझे आपके सामने पेश होना है।’

दयाशंकर सिंह की पत्नी ने कहा कि इस्तेमाल किए गए अश्लील शब्दों से उनकी बेटी आहत है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती के लिए दयाशंकर सिंह ने जो कहा उसे वे सही नहीं मानते हैं, लेकिन उनकी पत्नी और बेटी के लिए जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया गया, उसे वे नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) दलजीत चौधरी ने नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि बसपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की वीडियोग्राफी कराई गई है और कुछ भी आपत्तिजनक पाया गया तो कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

दयाशंकर सिंह ने मायावती के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर एक हंगामा खड़ा कर दिया था।

भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया और लखनऊ में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस सिंह की तलाश कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493