केजरीवाल गुजरात में दलित पीड़ितों से मिले, राज्य सरकार निशाने पर (लीड-1)

उना (गुजरात), 22 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को गुजरात में उन दलितों से मुलाकात की, जिनकी हिन्दू ‘गौ संरक्षण सतर्कता समूह’ के सदस्यों ने सरेआम पिटाई कर दी थी। उन्होंने इस मामले में राज्य सरकार पर उचित कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया।

आप नेता ने दलितों की पिटाई के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उना स्थित सिविल अस्पताल में पीड़ितों से मुलाकात के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, “दोषियों को इस कदर सजा दी जानी चाहिए कि उनकी रूह कांप जाए। इस मामले में उदाहरण रखे जाने की जरूरत है।”

गुजरात सरकार को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में राज्य सरकार ने समय से कार्रवाई नहीं की, क्योंकि दलितों पर हमला करने वालों को शीर्ष लोगों का संरक्षण प्राप्त था।

केजरीवाल ने कहा, “उनकी (दलितों) सरेआम पिटाई की गई। यदि ऐसी घटना प्रशासन की मौजूदगी में होती है तो इसका साफ अर्थ है कि दोषियों को ऊपरी ताकत से समर्थन प्राप्त था। इससे पूरे मामले में सरकार की संलिप्तता का पता चलता है।”

उन्होंने गुजरात सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया।

उल्लेखनीय है कि उना के मोटा समढियाला गांव में तथाकथित गौ संरक्षण सतर्कता समूह के सदस्यों ने मृत गाय की खाल उतारने को लेकर दलितों की सरेआम पिटाई कर दी थी। दलितों की पिटाई का वीडियो सामने आया था, जिसके बाद से पूरे देश में नाराजगी है। वीडियो में दलित युवकों के शरीर का ऊपरी हिस्सा निर्वस्त्र नजर आ रहा है। कार से बांधकर उनकी निर्दयतापूर्वक पिटाई की जा रही है।

केजरीवाल ने हाल के दिनों में सुर्खियों में रहने वाले गौ संरक्षण समूहों को भाजपा नेतृत्व द्वारा समाज के ध्रुवीकरण और लोगों के मन में डर बिठाने के लिए खड़ा किया गया गुंडा करार दिया।

केजरीवाल ने अपने गुजरात दौरे से पहले गुरुवार को कहा था कि राज्य में ‘उत्पीड़न’ का माहौल है और समुदायों के लोग डरे-सहमे हैं।

उन्होंने एक वीडियो संदेश में सभी से ‘एकजुट’ होकर ‘उत्पीड़न’ के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493