जम्मू, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में रात भर हुई तेज बारिश के बाद सोमवार को जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग ‘दरबार स्थानांतरण’ हेतु एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया।
जम्मू में यातायात विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “जम्मू में दरबार (सरकारी कार्यालय) के बंद होने के बाद कार्यालय से जरूरी दस्तावेज, रिकार्डस और कर्मचारियों को सुरक्षित कश्मीर घाटी पहुंचाने के लिए जम्मू से श्रीनगर जाने के लिए एकतरफा यातायात केवल 25 एवं 26 अप्रैल के लिए खोला गया।”
राज्य सरकार प्रतिवर्ष गर्मियां आने से पहले सरकारी कार्यालय एवं कर्मचारियों को श्रीनगर भेजती है और जाड़े का मौसम आने से पहले सरकारी कार्यालय से जुड़े दस्तावेज और कर्मचारियों को वापस जम्मू भेजा जाता है। इस प्रकिया को ‘दरबार स्थानांतरण’ के नाम से जाना जाता है।
अधिकारी ने बताया, “आज वाहनों को श्रीनगर से जम्मू भेजा जा रहा है, लेकिन विपरीत दिशा से वाहनों के आगमन की अनुमति नहीं है।”
बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन होने के कारण अक्सर जम्मू-श्रीनगर मार्ग बंद करना पड़ा है, जिससे श्रीनगर में दैनिक उपयोग की वस्तुओं के अभाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और इससे कश्मीर घाटी में लोगों को मूल्य वृद्धि और कालाबाजारी की समस्या से जूझना पड़ता है।
dharmpath.com dharmpath