गाजियाबाद, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम में हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की कार को आग के हवाले कर दिया। हाल ही में इस कार की नीलाम की गई थी।
अखिल भारतीय हिंदू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि ने कहा कि दाऊद की कार जलाना आतंकवाद को प्रतीकात्मक रूप से निशाना बनाना है।
स्वामी चक्रपाणि ने बताया कि कार को खरीदने के बाद उन्हें दाऊद इब्राहिम गैंग के गुर्गो की ओर से धमकी भी दी गई थी। उन्होंने धमकी मिलने के बाद ही कार को एंबुलेंस में न बदलकर उसे जला डालने का फैसला किया था।
उन्होंने नौ दिसंबर को मुंबई में हुई नीलामी में हरे रंग की ‘हुंडई एक्सेंट’ कार खरीदी थी। स्वामी ने 32 हजार रुपये की बोली लगाकर अपने नाम किया था।
गौरतलब है कि दाऊद मुंबई में 1993 के सिलसिलेवार बम विस्फोटों का वांछित है। इस हमले में 257 लोगों की जान गई थी और 1000 के आसपास घायल हुए थे।
dharmpath.com dharmpath