दादरी हत्याकांड में 10वां आरोपी भी गिरफ्तार

लखनऊ, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित दादरी में गोमांस खाने के अफवाह में एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या के मामले में 10वां व आखिरी आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने सोमवार को कहा कि एक मुखबिर की सूचना के बाद रविवार देर शाम आरोपी हरि ओम को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सरधना शहर में उसके परिचित के घर से गिरफ्तार किया गया।

दादरी सर्किल ऑफिसर (सीओ) अनुराग सिंह ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि वह दादरी में हुई 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का 10वां आरोपी है।

उल्लेखनीय है कि 28 सितंबर को दादरी के बिसाहड़ा गांव में कुछ लोगों ने गोमांस खाने के अफवाह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी और उसके बेटे को भी बुरी तरह घायल कर दिया था।

पुलिस ने हरि ओम के फोन को सर्विलांस पर लगाया हुआ था और उसकी लोकेशन का पता चलते ही पुलिस की एक टीम ने वहां छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि हत्याकांड के कुछ समय बाद ही छह आरोपियों-श्री ओम, विवेक, गौरव, सौरभ, संदीप और रूपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं, दो अन्य आरोपी शिव व विशाल को घटना के दो दिन बाद गिरफ्तार किया गया था।

विशाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय नेता का बेटा है। नौवां आरोपी नाबालिग बताया गया है। उसे 12 अक्टूबर को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था और अब 10वां आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493