दार्जिलिंग में ताजा भूस्खलन के बीच राहत कार्य जारी

सिलीगुड़ी/कोलकाता, 3 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के भूस्खलन प्रभावित दार्जिलिंग में राहत एवं बचाव कार्य शुक्रवार को भी जारी हैं। इलाके में भूस्खलन की नई घटना भी सामने आई है।

जिला प्रशासन के मुताबिक, अब तक 32 शव बरामद हुए हैं और 11 लोग लापता हैं।

जिलाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया, “लापता लोगों के लिए तलाशी अभियान अभी जारी है। राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।”

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), राज्य सरकार की आपदा प्रबंधन टीम तथा भारतीय सेना एकसाथ राहत एवं बचाव अभियान चला रही है।

इस बीच, बंगाल-सिक्किम सीमा पर रोंगपो के नजदीक ताजा भूस्खलन हुआ है, जिससे मरम्मत के काम में बाधा आई है।

जनरल रिजर्व इंजीनियरिंग फोर्स (जीआरईएफ) के प्रभारी आर.के.जोशी ने बताया, “लगातार हो रही बारिश और ताजा भूस्खलन से हमारा काम प्रभावित हो रहा है, लेकिन अगर मौसम ठीक रहा, हम जल्द से जल्द सड़क संपर्क बहाल करने में सक्षम होंगे।”

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को इलाके का दौरा किया था और वह लगातार राहत एवं बचाव कार्य पर नजर बनाई हुई हैं।

जलपाईगुड़ी जिले का बड़ा हिस्सा अब भी जलमग्न है। प्रशासन ने नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण रेड अलर्ट जारी किया है।

ममता ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह भारतीय भूगर्भीय सर्वेक्षण (जीएसआई) को मिरिक इलाके के विशेष सर्वेक्षण के आदेश दे, जो भूस्खलन से सबसे प्रभावित है। वहां भूस्खलन से सबसे अधिक 24 लोगों की मौत हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493