आप के जिला संयोजक गौरव महेश्वरी ने मंगलवार को कहा, “नगर निगम लखनऊ के भ्रष्ट अधिकारी और इंजीनियरों द्वारा किए गए इस घोटाले की जांच के लिए पार्टी पिछले छह महीने से आवाज उठाती आ रही है। पूर्व में भी महापौर को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए निलंबन की मांग की गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।”
आप जिला संयोजक ने कहा कि उन्होंने उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को मंगलवार को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा है, “उप मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाना चाहूंगा कि नगर निगम की जांच कमेटी अपनी रिपोर्ट पूर्व में ही नगर विकास मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप चुकी है, जिसमें साफ-साफ नगर निगम के अधिकारी और इंजीनियरों के नाम उल्लेखित हैं, जिन्होंने इस पूरे टेंडर घोटाले को अंजाम दिया परंतु, हमारे तमाम आवेदनों के बाद भी उन पर पूर्व में कोई कार्रवाई नहीं करवाई गई।”
महेश्वरी ने कहा, “जनता ने बहुत उम्मीदों के साथ आप लोगों को सत्ता में बैठाया है, इसलिए आपकी नैतिक जिम्मेदारी है कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।”
इस पत्र के माध्यम से दिनेश शर्मा को यह भी बताया गया कि एक अप्रैल तक अगर उनके द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई तो 10 अप्रैल को पार्टी को प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
dharmpath.com dharmpath