दिल्ली-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की पूर्व की आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर बुधवार को गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने आप सरकार के दौरान चलाई गई एक और योजना में वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है. सीएम रेखा गुप्ता ने पूर्व की आप सरकार पर ‘जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना’ में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘वर्ष 2020-21 में ‘आप’ सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना’ में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं. इस योजना का बजट सिर्फ 15 करोड़ रुपए था, लेकिन ‘आप’ सरकार ने 142 करोड़ रुपए से ज्यादा के फर्जी बिलों वाली फाइलों को आगे बढ़ा दिया.’
मुख्यमंत्री ने पूरे मामले का भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) से जांच कराने की बात कही है. उन्होंने लिखा, ‘जिन दलित बच्चों को कोचिंग मिलनी थी उनके नाम पर बिना दस्तावेज के दावे, बिना हस्ताक्षर के आवेदन और कई संस्थानों के तो 100 प्रतिशत दावे ही फर्जी पाए गए. भ्रष्टाचार निरोधक शाखा अब इन वित्तीय अनियमितताओं की जांच करेगी. बहुत जल्द दूध का दूध और पानी का पानी होगा.’ उन्होंने लिखा, ‘बाबा साहब के नाम पर भ्रष्टाचार करने वाली आम आदमी पार्टी को पाई-पाई का हिसाब देना होगा. ‘आप’ की राजनीति हमेशा दलितों के नाम पर दिखावा करती रही है, लेकिन जब जिम्मेदारी निभाने की बारी आई तो उन्हीं के हक पर डाका डालने से भी नहीं चूकी. अब इनका असली चेहरा जनता के सामने आएगा.’
dharmpath.com dharmpath