नई दिल्ली-मंगलवार सुबह दिल्ली अचानक हाई अलर्ट पर आ गई जब राजधानी की तीन बड़ी जिला अदालतों, साकेत कोर्ट, पटियाला हाउस कोर्ट और द्वारका कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल प्राप्त हुआ। धमकी का मेल कथित रूप से जैश-ए-मोहम्मद के नाम से भेजा गया जिसके बाद पुलिस ने सभी कोर्ट परिसरों को तुरंत खाली कराया और बम स्क्वॉड की टीमों को पूरे कैंपस की जांच में लगा दिया।
सुबह ठीक 11 बजे के आसपास धमकी भरा मेल कोर्ट प्रशासन के पास पहुंचा। मेल की टाइमिंग ने पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया क्योंकि इसी दिन पटियाला हाउस कोर्ट में NIA को लाल किला कार ब्लास्ट केस के आरोपी जसीर बिलाल उर्फ दानिश को पेश करना था। आरोपी की पेशी से ठीक पहले धमकी आने पर सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। अदालतों के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई जबकि कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरों में बंद कर दिया गया।
पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किए जाने वाले आरोपी जसीर बिलाल के बारे में बताया जा रहा है कि वह लाल किला कार ब्लास्ट में मारे गए आतंकी डॉ. उमर का नजदीकी था। उसके पेशी के लिए कोर्ट परिसर में रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई थी। NIA ने सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर कोर्ट की सुरक्षा को बढ़ाया था। धमकी मिलने के बाद अदालत का काम कुछ समय के लिए रोका गया और बाद में स्थिति नियंत्रित होने पर कार्यवाही शुरू की गई।
dharmpath.com dharmpath