नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी की कड़कड़डूमा अदालत में बुधवार सुबह चार बदमाशों ने गोलीबारी की, जिसमें एक पुलिस अधिकारी की जान चली गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
बदमाशों ने प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्य इरफान पर हमला किया, जिसमें वह घायल हो गया।
बदमाशों का निशाना इरफान था, लेकिन गोली हेड कांस्टेबल राम कुमार के सिर और छाती में लगी और उनकी वहीं मौत हो गई।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी क्षेत्र) संजय बेनिवाल ने आईएएनएस को बताया, “हत्यारे अदालत परिसर में दाखिल हुए और इरफान को देखते ही गोली चला दी। लेकिन गोली पुलिसकर्मी को लगी और दुर्भाग्यवश उसकी मौत हो गई। इस हमले में इरफान घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इरफान एक अन्य आपराधिक गिरोह से ताल्लुक रखता है।”
बेनिवाल ने कहा, “अदालत में उपस्थित अन्य पुलिसकर्मियों ने हमलावर चार में से तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन एक भागने में कामयाब रहा।”
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की वारदात पूर्वाह्न् करीब 11.30 बजे हुई, जब विचाराधीन कैदियों को अदालत के कक्ष संख्या 73 में ले जाया जा रहा था।
dharmpath.com dharmpath