नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस ने मंगलवार को दिल्ली के कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
कांग्रेस नेता अजय माकन ने ट्विटर पर लिखा, “आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली के कानून मंत्री की कानून की डिग्री फर्जी पाई गई है। उन्हें तुरंत बर्खास्त कर खाली सीट पर नए सिरे से चुनाव कराया जाए!”
बिहार के एक विश्वविद्यालय ने सोमवार को दिल्ली उच्च न्यायालय बताया था कि तोमर का प्रमाण पत्र असली नहीं है और यह विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में नहीं है। इसके बाद माकन ने यह टिप्पणी की है।
बिहार के तिलका मांझी विश्वविद्यालय के मुताबिक, प्रमाण पत्र पर जो क्रम संख्या दर्ज है, वह तोमर नहीं, बल्कि किसी और छात्र के नाम से है।
विश्वविद्यालय की यह प्रतिक्रिया तोमर के खिलाफ उस याचिका के आधार पर आई है, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने फर्जी कानून की डिग्री के आधार पर खुद को एक वकील के रूप में नामांकित कराया।
माकन ने सवाल किया, “क्या केजरीवाल नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए फिर से माफी मांगेंगे और इस्तीफा देंगे?”
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के कार्यालय पर 30 अप्रैल को एक विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
तोमर के पास पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा गृह मंत्रालय भी है।
dharmpath.com dharmpath