नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के श्रम मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के मंत्रियों की तरह दिल्ली के सभी सांसदों की भी लोगों के प्रति जिम्मेदारी है, इसलिए उन्हें भी जनता के लिए किए गए अपने कार्य का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करना चाहिए।
राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली की सभी सातों संसदीय सीटों पर जीत हासिल की है, इसलिए उनकी शहर के जनता के प्रति जिम्मेदारी और उत्तरदायित्व है।
राय ने संवाददाताओं से कहा, “विरोध प्रदर्शन करने के बजाय, दिल्ली के सभी सातों सांसदों को, खास तौर से दिल्ली भाजपा के प्रमुख मनोज तिवारी को जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करना चाहिए।”
राय ने कहा, “एक विधायक के तौर पर मैं राज्य सरकार से हूं। लेकिन सांसद के रूप में यह सभी सातों लोग केंद्र से संबद्ध हैं। इसलिए उन्हें दिल्ली के विकास और जनकल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ दिल्ली सरकार के विकास कार्यों में बाधा पैदा करती रहती है और सरकार जब अपने जन कल्याण कार्यो की रिपोर्ट पेश कर रही है तो वे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
राय ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के निगम पार्षद उत्तर-पूर्व दिल्ली के नूर-ए इलाही इलाके में मोहल्ला क्लिनिक के निर्माण में रुकावट डाल रहे थे। यह उनके बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र में आता है।
उन्होंने कहा, “भाजपा और कांग्रेस हमारे सभी विकास कार्यो को रोक देना चाहती हैं। उन्हें आप सरकार के विकास कार्यो से क्या दिक्कत है।”
dharmpath.com dharmpath