नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में लगने वाले शिक्षा मेले में उच्च शिक्षा के लिए विदेश में पढ़ने के लिए इच्छुक विद्यार्थियों की मदद के लिए कुछ देशों के 60 विश्वविद्यालयों और शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
इन देशों में अमेरिका, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड और कनाडा शामिल हैं। यह जानकारी एक बयान जारी कर दी गई।
यह शिक्षा मेला आईडीपी (इंटरनेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम) एजूकेशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन यहां 18 फरवरी को ले मेरेडियन होटल में होगा।
आईडीपी द्वारा गुरुवार को जारी किए गए बयान के अनुसार, “यह विद्यार्थियों के लिए अपनी पसंद के संस्थान में दाखिले की अर्जी देने और उसके बारे में जानकारी हासिल करने का निशुल्क मौका है।”
इस मेले में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ सीधे बातचीत करने का मौका मिलेगा जिसमें मिसौरी विश्वविद्यालय, सेंट लुइस, क्वींस यूनिवर्सिटी बेलफास्ट, लीड्स बेकेट विश्वविद्यालय, मोंटाना स्टेट विश्वविद्यालय, एंग्लिया रस्किन विश्वविद्यालय, यूनिवर्सिटी ऑफ वाईकाटो, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑकलैंड और वानकोवर आइसलैंड विश्वविद्यालय शामिल हैं।
यह मेला राष्ट्रीय राजधानी के अलावा, लुधियाना, चंडीगढ़, कोलकाता, गुरुग्राम, जालंधर, मुंबई, अहमदाबाद, पुणे, बेंगलुरु, विजयवाडा, हैदराबाद, चेन्नई, कोच्ची और कोयम्बटूर में भी आयोजित किया जाएगा।
आईडीपी के निर्देशक पीयूष कुमार ने कहा, “यह मेला विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों से सीधी बात करने का मौका देगा ताकि वह अपने सभी सवालों के जवाब हासिल कर सकें।”
उन्होंने कहा, “हमारा मकसद बच्चों और उनके माता-पिता को सही जानकारी प्रदान करना है।”
dharmpath.com dharmpath