दिल्ली को मिल सकती है तपिश से राहत,6 से 8 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

नई दिल्ली:भीषण गर्मी से उत्तर भारत के राज्य बेहाल हैं. राजधानी दिल्ली तप रही है. बुधवार, 27 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 28 मई को भी तापमान 44 डिग्री के आस-पास बना रहेगा. IMD ने एक राहत की खबर भी दी है. मौसम विभाग के अनुसार, 29 मई से दिल्ली में तापमान में गिरावट शुरू होगी.

लू के थपेड़ों से बेहाल दिल्ली को 29 मई से कुछ राहत मिलने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया है कि 29 मई से गरज के साथ बारिश और आंधी का अनुमान है. मौसम में होने वाला ये बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण होगा.

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 28 मई को दिल्ली का आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. बाद में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे. दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. शाम और रात के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

राजधानी दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में 29 मई को मौसम ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है. 29 मई को पूरे दिन बादल छाए रहेंगे. सुबह और दोपहर के दौरान हल्की बारिश हो सकती है. 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

राजधानी दिल्ली में 30 मई को भी बादल छाए रहने, हल्की बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. 31 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी. मौसम विभाग के अनुसार, 29, 30 और 31 मई को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी.

 

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493