गुरुग्राम, 4 मार्च (आईएएनएस)। गुरुग्राम के उपायुक्त हरदीप सिंह ने शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ बैठक की और दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर प्रस्तावित परियोजनाओं पर चल रहे कार्यो में प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के बाद हरदीप सिंह ने परियोजनाओं पर चल रहे कार्य की प्रगति पर संतुष्टि व्यक्त की और एनएचएआई को हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ओर से सहयोग का आश्वासन भी दिया।
समीक्षा के दौरान हरदीप सिंह के साथ एनएचएआई के तकनीकी प्रबंधक पी. के. कौशिक और ठेकेदार दावर कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
बैठक में यह घोषणा की गई कि हीरो होंडा चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा और आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
इस बहुतप्रतीक्षित फ्लाईओवर के जयपुर की ओर जाने वाले छोर के अप्रैल से शुरू होने की उम्मीद जताई गई।
तीन स्तरीय क्रॉसिंग के रूप में हीरो होंडा चौका पर 1.4 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है।
दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे के तीन प्रमुख जंक्शन- इफ्को चौक, सिग्नेचर टॉवर चौक और राजीव चौक – का सुधार कार्य भी जारी है और पिछले दो महीने में 12 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है।
इस परियोजना की कुल लागत 1,005 करोड़ रुपये है और इसके मार्च, 2019 तक पूरा होने की उम्मीद है। हालांकि एनएचएआई ने 2018 के आखिर तक काम पूरा हो जाने की उम्मीद जताई है।
dharmpath.com dharmpath