नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के नगरनिगमों को 493 करोड़ रुपये देने का आदेश जारी किया है। इस धनराशि का इस्तेमाल सफाई कर्मियों के पिछले दो महीने के वेतन भुगतान के लिए किया जाएगा।
जंग ने इससे पहले तीनों नगरनिगमों के मेयरों और आयुक्तों से मुलाकात की और सफाईकर्मियों से हड़ताल समाप्त करने के लिए कहा।
दिल्ली नगरनिगम के कर्मचारियों ने अप्रैल और मई महीने के वेतन का भुगतान न करने पर काम रोक दिया है। इसके कारण शहर की सड़कों विशेषकर पूर्वी दिल्ली की सड़कों पर कचरा फैला हुआ है।
उपराज्यपाल निवास से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, “उप राज्यपाल ने तीनों मेयरों और आयुक्तों से मुलाकात की। जंग ने सभी को बताया कि दिल्ली सरकार आज 493 करोड़ रुपये जारी करेगी।”
पूर्वी दिल्ली नगरनिगम (ईडीएमसी) के कर्मचारियों ने वेतन न मिलने पर मयूर विहार और पटपड़गंज इलाके में कचरा फैला दिया है।
सड़कों पर कचरा फैला हुआ है जिससे स्थानीय लोगों तथा राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ईडीएमसी वित्तीय संकट के कारण अपने 11,000 सफाई कर्मियों को वेतन नहीं दे पाया है।
उपराज्यपाल निवास से जारी बयान में बताया गया है, “उन्होंने वेतन न मिलने से सफाईकर्मियों को हो रही दिक्कतों को समझते हुए उनसे अपील की कि कठिनाई झेलने के बावजूद उन्हें हड़ताल रोक देनी चाहिए। यह शहर के नागरिकों के हित में होगा, जो कि हमसे जुड़े हुए हैं।”
अरविंद केजरीवाल सरकार ने इसके पहले नगरनिगम कर्मचारियों के वेतन बकाए का भुगतान करने के लिए नौ जून को 500 करोड़ रुपये जारी किए थे।
पूर्वी तथा उत्तरी नगरनिगम के सफाई कर्मी वेतन भुगतान न करने के विरोध में हड़ताल पर चले गए हैं।
dharmpath.com dharmpath