नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए बुधवार की मतगणना के लिए 35 केंद्रों पर विस्तृत इंतजाम किए गए हैं।
एक निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी और रुझान घंटे भर के अंदर मिलने शुरू हो जाएंगे।
दिल्ली के राज्य निर्वाचन आयुक्त एस.के.श्रीवास्तव ने आईएएनएस से कहा, “हमने पर्याप्त व्यवस्था की है। मतगणना पूरे दिल्ली में 35 केंद्रों पर होगी। रुझान और परिणाम मतगणना केंद्रों से घोषित किए जाएंगे।”
श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगरनिगम के लिए 16 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, पूर्वी दिल्ली के लिए छह और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के लिए 13 केंद्र बनाए गए हैं।
तीनों नगरनिगमों के लिए मतदान बीते रविवार को हुए थे। इसमें 54 फीसदी मतदान हुआ था और 1.32 करोड़ मतदाताओं ने शाम 5.30 बजे तक अपना वोट डाला था। मतदान तीन नगर निगमों के 270 वार्डो के लिए कराए गए थे।
दो वार्डो में चुनाव नहीं कराया जा सका। इसमें पूर्वी दिल्ली का मौजपुर और उत्तरी दिल्ली का सराय पीपल थाला शामिल है। इन जगहों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार का निधन हो गया था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) इस चुनाव में तीन प्रमुख दावेदार हैं।
dharmpath.com dharmpath