दिल्ली : निगम गतिरोध पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल जंग से मिला

नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के तीनों नगर निगमों के महापौर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उप-राज्यपाल नजीब जंग से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली सरकार और नगर निगम के हड़ताली कर्मचारियों के बीच जारी खींचतान में हस्तक्षेप करने की अपील की।

प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई भाजपा प्रदेश प्रभारी सतीश उपाध्याय ने की। उन्होंने उपराज्यपाल से मुलाकात के बाद संवाददाताओं को बताया, “प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल से अपील की है कि वह जारी गतिरोध को दूर करने के लिए दिल्ली सरकार को नगर निगम का लंबित फंड जारी करने का आदेश दें।”

भाजपा तीनों नगर निगमों-पूर्वी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली में सत्तारूढ़ दल है। दिल्ली सरकार का कहना है कि वह तीनों निगमों के कर्मचारियों को वेतन देने के लिए एक साल का पैसा पहले ही दे चुकी है, भाजपा शासित तीनों निगमों के महापौर कर्मियों को वेतन न देकर उन्हें बार-बार हड़ताल के लिए विवश कर रहे हैं, ताकि दिल्ली में गंदगी फैले और सरकार की बदनामी हो।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने अफसोस जताया कि दिल्ली की सत्तारूढ़ आप आदमी पार्टी (आप) राजनीतिक लाभ के लिए घटिया हरकतों पर उतर आई है।

सतीश ने कहा, “आप के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार को नगर निकाय के नेताओं को प्रताड़ित करने की छूट है, लेकिन उसे कर्मचारियों का फंड जारी कर देना चाहिए। वे अपने बच्चों की स्कूल की फीस और बीमार परिजनों के लिए दवा खरीदने की स्थिति में नहीं हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश की राजधानी दिल्ली को आपातकालीन स्थिति की ओर धकेल दिया है।

प्रदेश प्रभारी ने कहा, “हम अगले साल चुनावों में इससे लड़ सकते हैं, लेकिन सीएम साहब कृपया इंसानियत दिखाइए। दिल्ली को आपातकालीन स्थिति की ओर मत धकेलिए। कृपया फंड जारी करें।”

भाजपा ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन द्वारा मंगलवार को नगरीय निकायों के इंजीनियंरिंग स्टाफ के लिए अभद्र भाषा का उपयोग किए जाने भी निंदा की। इंजीनियंरिंग स्टाफ बकाया वेतन दिए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को सिटी सेंटर से राजघाट तक जुलूस निकाल रहा था।

सतीश ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को राज्य कर्मचारियों से बात करते समय अपना स्तर इतना नीचे नहीं गिराना चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493