‘दिल्ली पुलिस आप नेताओं को झूठे मामले में फंसा रही है’

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के इशारे पर पार्टी के विधायकों को झूठे मामले में फंसा रही है।

आप विधायक अमानतुल्ला खान के मामले का जिक्र करते हुए पार्टी के दिल्ली संयोजक दिलीप पांडे ने आरोप लगाया कि पुलिस ने महिला को दुष्कर्म और हत्या की धमकी की शिकायत दर्ज करने की सलाह दी थी। खान के खिलाफ हाल ही में एक महिला को धमकी देने के लिए मामला दर्ज किया गया था।

पांडे ने कहा, “हमने आज (शनिवार) जो वीडियो जारी किया है, उससे यह साफ है कि मोदी सरकार ने आप नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने के लिए दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए हैं। हमने पहले भी कई बार यह मुद्दा उठाया है।”

वीडियो में महिला थाना प्रभारी से कथित तौर पर कहती दिखाई दे रही थी कि एक व्यक्ति ने उसे खान के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या की धमकी की शिकायत दर्ज कराने को कहा था।

वीडियो में महिला कहती दिखाई दे रही थी, “उसने मुझसे अपना मामला मजबूत बनाने के लिए दुष्कर्म और हत्या की धमकी की शिकायत दर्ज कराने को कहा था। उसने मुझे शिकायत लेकर पुलिस आयुक्त के पास जाने को भी कहा था।”

वीडियो किसने रिकॉर्ड किया, इस सवाल पर खान ने कहा, “मैं नहीं जानता कि यह वीडियो किसने रिकॉर्ड किया है। किसी ने इसे मेरे कार्यालय में पहुंचाया था। मुझे लगता है कि उस महिला को ज्यादा पता होगा कि वीडियो किसने रिकॉर्ड किया है।”

उन्होंने मोदी सरकार पर आप नेताओं को फंसाने के लिए बच्चों जैसी और कायराना हरकतें करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “मोदीजी को ऐसी बच्चों जैसी और कायराना हरकतों में शामिल होना छोड़ देना चाहिए। जनता ने हमें उनके कल्याण के लिए चुना है। हम यहां समाज की सेवा करने आए हैं, ऐसी राजनीति में शामिल होने नहीं।”

यह मामला तब प्रकाश में आया था, जब एक 35 वर्षीय महिला ने खान के खिलाफ अंजाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया था।

कथित घटना 10 जुलाई की है, जब शिकायतकर्ता आप विधायक से अपने इलाके में खराब बिजली आपूर्ति की शिकायत के बारे में फोन पर बात करने के बाद दक्षिणी दिल्ली के बाटला हाउस इलाके में स्थित उनके आवास पर गई थी।

हालांकि खान ने कहा कि 10 जुलाई को वह दिल्ली में नहीं थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493