नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। ‘ठक-ठक’ गैंग ने उत्तरी दिल्ली में दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त बी.के. गुप्ता की कार से एक आईपैड व 20,000 रुपये नकदी से भरा एक बैग चुरा लिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि यह घटना शनिवार को तब हुई, जब गुप्ता और उसके दोस्त सिविल लाइंस क्षेत्र में मजनू का टीला के पास एक कार से दूसरी कार में सामानों को रख रहे थे।
पुलिस आयुक्त जतिन नरवाल ने आईएएनएस से कहा, “जब बी.के. गुप्ता और उनके दोस्त सामान को एक कार से दूसरे कार में रख रहे थे, किसी अज्ञात व्यक्ति ने आईपैड और 20,000 रुपये नगदी से भरा बैग चुरा लिया। यह कार पहली कार के पीछे खड़ी थी और उसके दरवाजे खुले थे।”
दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश के निवासी गुप्ता अपने कुछ दोस्तों के साथ दिल्ली से चंडीगढ़ गोल्फ खेलने जा रहे थे।
नरवाल ने कहा, “अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। जिस जगह पर यह चोरी हुई है, वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ था।”
अधिकारी ने कहा, “प्रथमदृष्टया ऐसा लग रहा है कि इस चोरी में ‘ठक-ठक’ गैंग शामिल है। जांच जारी है और हमने कुछ संदिग्धों से पूछताछ की है। हम जल्द ही आरोपी को पकड़ लेंगे।”
dharmpath.com dharmpath