दिल्ली पुलिस स्टेशन के शौचालय में फांसी पर लटका मिला शव (लीड-1)

नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। एक 32 वर्षीय शख्स यहां पुलिस स्टेशन के शौचालय में बुधवार तड़के फांसी पर लटकता पाया गया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विजयंत आर्य ने कहा कि मृतक राजकुमार उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह बुधवार तड़के उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन के शौचालय में फांसी पर लटकता मिला।

उन्होंने कहा, “वह एक बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका से संबंधित जांच के सिलसिले में पुलिस स्टेशन आया था, जहां वह प्रतिवादी था।”

कहा गया है कि वह अवसाद व तनाव में था।

आर्य ने कहा कि घटनास्थल पर न्यायिक मजिस्ट्रेट और एसडीएम (उप-विभागीय मजिस्ट्रेट) को बुलाया गया और डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम का अनुरोध किया गया।

परिवार के सदस्यों ने आईएएनएस को बताया कि दिल्ली में राजकुमार के साथ काम करने वाली एक महिला लापता हो गई थी और उसे (राजकुमार को) इस मामले में बयान देने के लिए बुलाया गया था।

परिवार के सदस्यों के अनुसार, राजकुमार ने दिल्ली में करीब 10 महीने पहले सुरक्षा गार्ड की नौकरी छोड़ दी थी और उत्तर प्रदेश से मंगलवार सुबह पुलिस अधिकारियों से मिलने के लिए आया था।

राजकुमार के मित्र सीतू शर्मा ने कहा कि उसने उसे पुलिस स्टेशन मंगलवार को अपराह्न 3.30 बजे के आसपास छोड़ा था।

शर्मा ने बुधवार अपराह्न जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन के बाहर आईएएनएस को बताया, “बाद में, पुलिस ने मुझसे जाने के लिए कहा और मैं पांच मिनट बाद स्टेशन से चला गया।”

दिल्ली में रहने वाले राजकुमार के 24 वर्षीय रिश्तेदार अंकित ने बताया कि उसने (राजकुमार) उसे मंगलवार शाम चार बजे के आसपास फोन किया था और कहा था कि वह पुलिस स्टेशन के अंदर जा रहा है और वह थोड़ा डरा हुआ है।

अंकित ने कहा, “उन कुछ घंटों में क्या हुआ कि उन्होंने आत्महत्या करने का फैसला कर लिया? बयान देने वह खुद आए थे, तो फिर वह ऐसा क्यों करेंगे? मुझे विश्वास नहीं होता।”

उसने कहा कि हालांकि, राजकुमार बुधवार तड़के मृत पाया गया था, लेकिन परिवार को सुबह 11 बजे तक सूचित नहीं किया गया।

राजकुमार के शव को जहांगीरपुरी में बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया और आर्य ने कहा कि शव परीक्षण के लिए गृह विभाग एक बोर्ड गठित करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493