नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। संगीत बजाने की मांग को लेकर एक डिस्क जॉकी (डीजे) ने एक नाइट क्लब में एक युवक की हत्या कर दी और उसकी महिला मित्र को घायल कर दिया। युवक अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए एक नाइट क्लब में गया था।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना करीब मध्यरात्रि में उस समय हुई, जब विजयदीप अपने नौ दोस्तों के साथ पश्चिम दिल्ली के पंजाबी बाग के रफ्तार बार में पार्टी कर रहा था।
पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने कहा, “नाचने के दौरान विजयदीप ने डीजे दीपक से अपनी पसंद का एक गाना बजाने के लिए कहा। दीपक ने इनकार कर दिया, जिसपर विजयदीप की उससे लड़ाई हो गई।”
लड़ाई के दौरान दीपक का लैपटॉप नीचे गिर गया। नाराज डीजे ने विजयदीप की हत्या कर दी और जब उसकी महिला मित्र उसे बचाने आई तो उसने बीयर की बोतल से उस पर भी हमला किया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी ने कहा कि मृतक तिलकनगर का रहने वाला है। मृतक व उसके दोस्त बार की तीसरी मंजिल पर पार्टी कर रहे थे। डीजे चौथी मंजिल पर बज रहा था। दीपक को बुराड़ी के संतनगर से गिरफ्तार किया गया।
dharmpath.com dharmpath